रांची। रांची के थडपखना स्थित एक दुकान में रविवार की सुबह गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग लग गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। समय रहते फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया, नहीं तो कई दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह से जलकर राख हो जातीं। पुलिस का कहना है कि दुकान में अवैध तरीके से सिलेंडर में गैस भरा जाता था। आग लगने की घटना कैसे हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
दुकान में पहले जोरदार ब्लास्ट हुआ। फिर तुरंत आग की लपटें दुकान से बाहर आने लगीं। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जाएगी कि दुकान में गैस सिलेंडर अवैध तरीके से भरा जाता था या नहीं। सिलेंडर अगर अवैध तरीके से भरा जाता था तो दुकान संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आसपास के लोगों का कहना है कि अवैध तरीके से गैस सिलेंडर भरने की शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन कभी कार्रवाई नहीं हुई। इस वजह से इतनी बड़ी घटना हुई है।
मालूम हो कि राजधानी रांची समेत झारखंड के प्राय: सभी जिलों में अवैध रूप से गैस सिलेंडर भरने का काम होता है। आलम यह है कि छोटी-छोटी किराना दुकानों पर भी यहां छोटे छोटे गैस सिलेंडर अवैध रूप से भरे जाते हैं। राजधानी रांची में चूंकि बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करने के लिए गांव से शहर आकर रहते हैं, ऐसे में ये छात्र छोटे गैस सिलेंडर का उपयोग करते हैं। ये छात्र पांच किलो का गैस सिलेंडर अपने पास रखते हैं। इन सिलेंडरों को वह इन्हीं किराना दुकानों पर भरवाते हैं। किराना दुकानदारा इस एवज में उनसे मोटी रकम वसूल करते हैं। शहर के किसी भी बाजार में चले जाइए, दुकानदार अवैध रूप से गैस सिलेंडर भरते नजर आ जाएंगे। इतना ही नहीं दुकानों के बाहर खुलेआम छाेटे-छोटे गैस सिलेंडर सजाकर बेचते हैं।