हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला अशोकनगर में शादी के दौरान जयमाला पर दुल्हे ने दुल्हन को किस कर दिया। इस पर दुल्हन पक्ष के लोग भडक़ गए और दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हे पक्ष के लोगों ने दुल्हन पक्ष के लोगों पर लाठी डंडों, सरिया से हमला कर पथराव कर दिया। इसमें दुल्हन पक्ष के करीब छह लोग घायल हुए हैं। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, बारात भी बिना दुल्हन के बैरंग लौट गई।
मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी दो पुत्रियों की सोमवार की रात शादी थी। उसकी बड़ी पुत्री की मोहल्ला सुभाषनगर व छोटी पुत्री की मोहल्ला शिवनगर से बारात आई थी। व्यक्ति की बड़ी पुत्री की शादी तो सुभाषनगर निवासी एक युवक से सकुशल संपन्न हो गई। लेकिन उसकी छोटी पुत्री की शादी में जयमाला पर दुल्हे ने उसकी पुत्री को किस कर दिया। इस पर दुल्हन पक्ष के लोग भडक गए और दोनों पक्षों में कहासनुी हो गई।
कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हे पक्ष के लोगों ने दुल्हन पक्ष के लोगों पर लाठी डंडों व सारियों से हमला कर जमकर पथराव कर दिया। इसमें दुल्हन के पिता समेत छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। झगड़े की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों पक्ष के करीब सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आए। एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि अभी इस मामले में किसी भी पक्ष की कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।