
पणजी। केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे में उनकी पत्नी विजया और निजी सहायक की मौत हो गई है। नाइक उत्तरी गोवा से सांसद हैं। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले के अंकोला के पास हुआ। 68 वर्षीय नाइक अपनी पत्नी विजया और निजी सहायक दीपक के साथ कार से कर्नाटक के धर्मस्थल से गोवा लौट रहे थे। कार में उनके साथ उनके नजदीकी साई किरण, सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर भी थे।
अंकोला तालुका में होसकांबी के पास उनकी कार पलट गई। सभी लोगों को उत्तरी कन्नड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी पत्नी विजया नाइक की मौत हो गई। इलाज के बाद श्रीपद नाइक की हालत स्थिर बताई गई है।
देर रात उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज लाया गया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की है और नाइक का उचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गोवा के मुख्यमंत्री से बात की है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने हादसे पर दुख जताया है और नाइक की पत्नी की मौत पर गंभीर संवेदना व्यक्त की है। येदियुरप्पा ने ट्वीट कर नाइक के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
धमाकेदार ख़बरें
