भोपाल. राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की बीच सड़क चाकू मारकर हत्या कर दी। महिला पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ आकर रहने लगी थी। पुलिस ने आरोपी सुनील मालवीय को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय अरुणा की शादी सुनील मालवीय से हुई थी। दोनों की पांच साल की बेटी भी है। सुनील ग्राम पीपलधार तहसील शमशाबाद जिला विदिशा का रहने वाला है। एक महीने पहले सुनील को छोड़कर अरुणा अपने प्रेमी राजेंद्र के साथ रहने भोपाल आ गई। अरुणा और राजेंद्र की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी। दोनों की बातचीत प्रेम में बदल गई। इसके बाद अरुणा एक महीने पहले राजेंद्र के साथ रहने भोपाल आ गई। यहां अशोका गार्डन के सेमरा क्षेत्र में रह रहे थे। सुनील ने दोनों को सबक सिखाने की योजना बनाई और भोपाल आकर तीन दिन तक रैकी की। उसने पता किया कि दोनों मजदूरी करने के बाद शाम 6.30 बजे घर लौटकर आते हैं।
सोमवार रात आठ बजे राजेंद्र और अरुणा बाइक से लौटे। तभी दोनों पर कैलाश नगर में रात 8 बजे सुनील ने चाकू से हमला कर दिया। इससे दोनों नीचे गिर गए। आरोपी ने राजेंद्र का गला रेत दिया। इसके बाद पत्नी के भी पेट में चाकू से कई वार किए। इससे दोनों की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।