मेरठ के हस्तिनापुर में कंचन का शव मिल गया है। शुक्रवार को खादर क्षेत्र के हंसापुर गांव के समीप गंगा किनारे प्लास्टिक के कट्टे में युवती का शव मिला। पुलिस और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर युवती के शव को कब्जे में ले लिया है। आरोपी तीन दिन से लगातार पुलिस को गुमराह कर रहे थे। भीमकुंड गंगा पुल से गंगा में युवती के शव को फेंकने की बात कह रहे थे।
दादा ने पुलिस से लगाई थी गुहार
हस्तिनापुर में सैफपुर कर्मचंदपुर निवासी 22 वर्षीय कंचन की अचानक हत्या की खबर से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। भाई-बहनों और परिवार के लोगों का बुरा हाल है। वह उसकी मौत की खबर से बेसुध हो रहे हैं। खाना-पीना भूलकर दिन-रात उसकी तलाश कर रहे थे।
कंचन दो बहन और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उससे छोटी एक बहन और एक भाई है। उसकी मां की मौत गंभीर बीमारी के चलते 31 अक्तूबर को हो गई थी। जिसके बाद से परिवार गम के साये में था।
वहीं धीरे-धीरे अब परिवार माता की मौत के गम से उबर रहा था। अचानक कंचन की हत्या की खबर से परिवार पूरी तरह से टूट गया है। अब कंचन से छोटी बहन और भाई की जिम्मेदारी उसके पापा और दादा पर है।
गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ अपनी पोती की बरामदगी की गुहार लगा रहे दादा धर्मपाल ने दर्दभरी जुबान से कहा कि साहब उसकी पोती का पता लगा दीजिए, नहीं तो वह भी अपनी जान दे देंगे।
उन्होंने कहा अपनी आंखों के सामने अपनी पोती की हत्या की खबर सुनना उनके लिए बर्दाश्त से बाहर हो रहा है। उनकी यह बात सुनकर ग्रामीणों की आंखों में भी आंसू छलक आए। कंचन परिवार में बड़ी बेटी होने के कारण घर का सभी कामकाज देखती थी।