बेगूसराय । पत्नी के प्रेम संबंधों का विरोध करना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी सांख वार्ड नंबर नौ निवासी नारायण शर्मा के 35 वर्षीय पुत्र ललन शर्मा को महंंगा पड़ गया। उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार की देर शाम मछली का जाल लगाकर घर लौटने के क्रम में उसके चेहरे व गर्दन पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। रात आठ बजे तक जब युवक घर नहीं लौटा तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। खून से लथपथ शव पाए जाने पर पुलिस को जानकारी दी गई। कुछ ही घंटों में पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर खून से सना कपड़ा और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया। मृतक की पत्नी से पूछताछ की जा रही है।
स्वजनों के अनुसार ललन शर्मा मजदूरी व मछली पालन कर पत्नी और तीन बच्चों का भरण-पोषण करता था। तीन वर्ष पूर्व पत्नी किरण देवी की पहचान सांख निवासी कैलू साह के पुत्र रबीन साह से हुई थी। रबीन साह कबाड़ी का काम करता था। दोनों के प्रेम प्रसंग के चर्चे गांव में होने लगे तो ललन ने पहले पत्नी को समझाया। उसे बच्चों का हवाला दिया। लेकिन किरण पर प्रेम का भूत सवार था। वह रबीन से मिलती रही। पति ने इसका विरोध किया, इसके बाद कलह बढ़ने लगा। पति का रोज-रोज टोकना किरण को काफी नागवार गुजरा। उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की खतरनाक साजिश रच दी।
तय साजिश के तहत ललन के जाल लगाकर लौटते समय उसपर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसकी खबर मिलते ही सनसनी फैल गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपित बड़ी सांख निवासी रबीन साह को गिरफ्तार किया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव कुमार लाल ने बताया कि प्रेम प्रसंग के विरोध के कारण हत्या की गई है। मृतक के बड़े भाई नवीन ने बताया कि ललन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके तीन पुत्र हैंं।