मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडलायुक्त के द्वारा जांच बैठाते ही नगर पालिका ने 24 निर्माण कार्यों के टेंडर निरस्त कर दिए है। सूत्रों का कहना है कि 1.20 करोड़ के नालों के निर्माण कार्यों में दो दो निविदा आयी है। नगर पालिका ने उक्त कार्यों के टेंडर भी नियमों को ताक पर रखकर खोल दिए है। वहीं करीब नौ निर्माण कार्यों के टेंडर पालिका के द्वारा दोबारा से कराए गए है। इनमें एक एक निवादा आयी है। पालिका ने उक्त निर्माण कार्यों के टेंडर भी खोल दिए है। जबकि शासनादेश है कि प्रथम बार टेंडर में तीन निविदा, द्वितीय बार में दो और तृतीय बार में एक निविदा आने पर टेंडर खोला जा सकता है। नगर पालिका निर्माण विभाग के अधिकारी और बाबूओं के द्वारा टेंडर में बडा खेल किया जा रहा है।

नगर पालिका में निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा टेंडर प्रक्रिया में नियमों को ताक पर रखा गया है। जिसकी शिकायत सभासद मो. खालिद ने सहारनपुर मंडलायुक्त से की है। मंडलायुक्त ने इस मामले में जांच बैठा दी है। उधर जांच शुरू होने पर नगर पालिका ने अपनी गलती में सुधार करने की कार्रवाई को शुरू कर दिया है। नगर पालिका ने 15वें वित्त के करीब 24 निर्माण कार्यों के टेंडर निरस्त कर दिए है। ईओ ने निर्माण कार्यों के टेंडर दोबारा से कराने के निर्देश दिए है।