मुजफ्फरनगर। दिल्ली निवासी एक महिला ने अपने पति पर उसको बिना तलाक दिए ही चोरी छिपे दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। महिला को फेसबुक पर शादी के फोटो देखकर पति के दूसरी शादी करने की जानकारी लगी।
मंगलवार को दिल्ली निवासी महिला ने मीरापुर थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उसकी शादी कुतुबपुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक तो सब कुछ ठीक रहा किन्तु बाद में उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा तथा उसे गर्भ अवस्था में उसके घर पर छोड़ दिल्ली छोड़ आया। तब से वह अपने मायके ही रह रही है। इसी बीच उसने एक पुत्री को भी जन्म दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने चोरी छिपे दूसरी शादी कर ली। पति की दूसरी शादी करने की जानकारी उसे फेसबुक पर शादी के फोटो देखकर लगी,जिसके बाद वह थाने पहुंची तथा अपने पति के विरुद्ध तहरीर दी। मामले पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह का कहना है कि महिला के अनुसार महिला व उसके पति के बीच विवाद चल रहा है तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के आदेश के बाद ही अग्रिम कार्यवाही की जा सकती है।