मोहाली : पिछले 31 मार्च से घर से संदिग्ध हालत में लापता हुए युवक की मां के बयान पर सिटी कुराली पुलिस ने राहुल नामक शख्स पर कत्ल का मामला दर्ज किया है। हालांकि पुलिस को लापता युवक का शव अभी बरामद नहीं हुआ है। उधर, मामले का आरोपित भी फरार है। पुलिस ने लाश ढूंढने के लिए आसपास के एरिया में सर्च अभियान चलाया है।
45 वर्षीय माया ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से गांव मौजरा जिला रामपुर यूपी के रहने वाले हैं। कुछ महीने पहले ही वह कुराली के वार्ड नंबर-2 में किराये पर रहने आए थे। माया ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करती है। उसका 18 वर्षीय बेटा सोनू 31 मार्च को घर से निकला था, मगर वापस नहीं लौटा। उन्होंने सोनू की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। दो अप्रैल को माया ने सिटी कुराली थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन इस दौरान माया को पता चला कि मुजफ्फरनगर के गांव मदीनपुर का रहने वाला राहुल नाम का शख्स उसके बेटे को साथ ले गया था। उसने बेटे की हत्या करने के बाद शव को कही ठिकाने लगा दिया है।
जांच में सामने आया है कि राहुल कुराली के गांव निहौलका में रह रहा था, लेकिन जिस दिन से सोनू लापता है, उस दिन से राहुल भी घर पर नहीं आया।
थाना सिटी कुराली के इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि सोनू की मां ने थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मां ने आरोप लगाया कि राहुल नाम के शख्स ने उसके बेटे का कत्ल किया है। दोनों का पैसों को लेकर लेनदेन था। सिटी कुराली थाने में राहुल के खिलाफ आइपीसी की धारा 302 व 201 के तहत मामला दर्ज किया गया है। राहुल की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही सोनू का कुछ पता चल सकेगा।