मुजफ्फरनगर। सपा सरकार में रेल रोकने के मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व विधायक उमेश मलिक समेत अन्य भाजपा नेता अदालत में पेश हुए। वारंट रिकॉल होने के बाद अगली सुनवाई के लिए 22 अप्रैल की तिथि तय की गई है।
साल 2012 में भाजपा और अन्य संगठनों के नेताओं ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेल रोककर प्रदर्शन किया था। जीआरपी थाने में प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की सुनवाई सिविल जज सीनियर डिवीजन मयंक जायसवाल की कोर्ट में चल रही है। लंब समय से अदालत में पेश नहीं होने के कारण आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए गए थे। बृहस्पतिवार को आरोपी भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व विधायक उमेश मलिक, अशोक कंसल, पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल पंवार, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष विपुल त्यागी समेत अन्य भाजपा नेता कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से वारंट रिकॉल करा लिए हैं।