मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की महाभारत कालीन तीर्थनगरी शुकतीर्थ पहुंचे यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव जी महाराज की 18वीं पुण्यतिथि पर उनके समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपमुख्यमंत्री ने व्यास सेतु व शुकदेव द्वार का लोकार्पण भी किया।

सुबह 10:30 बजे शुकतीर्थ पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने सबसे पहले व्यास सेतु और शुकदेव आश्रम के निकट शुकदेव द्वार का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने स्वामी कल्याणदेव जी महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित किये। यहां पहुंचने पर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद जी महाराज शुकदेव आश्रम स्वामी कल्याण देव ट्रस्ट के अध्यक्ष पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला आदि ने उनका स्वागत किया।

शुकदेव आश्रम स्थित यज्ञशाला में स्वामी कल्याण देव जी महाराज की 18वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यज्ञ में आहूति दी। आहुति के बाद उपमुख्यमंत्री ने सवा 5 हजार साल पुराने दिव्य वट वृक्ष की परिक्रमा की। शुकदेव भवन में स्वामी कल्याण देव जी महाराज की पुण्यतिथि पर अयोजित सभा को सम्बोधित किया। उनके साथ मंचासीन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, खतौली विधायक विक्रम सिंह सैनी, एमएलसी वंदना वर्मा, पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, भाजपा जिला संगठन प्रभारी सत्येंद्र सिसोदिया आदि रहे मंच का संचालन ओमदत्त देव ने किया।