मुजफ्फरनगर। इस साल सावन ने शुरूआत से झमाझम बारिश के कारण धमाकेदार आमद दर्ज कराई है। इस बारिश के कारण जनपद में अलग अलग स्थानों पर हुई वर्षाजनित दुर्घटनाओं ने कई लोगों की जान लील ली है। आफत की इस बारिश के कारण कई परिवारों के सिर से छत का सहारा भी दिन गया है। गुरूवार को भी सावन की यह बारिश एक परिवार के लिए आफत की बारिश साबित हुई। इस बारिश के कारण मकान की दीवार गिर जाने के कारण एक मासूस बच्चे की मौत हो गयी है। बच्चे की मौत के कारण परिवार में कोहराम की स्थिति है। बच्चों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं प्रशासन ने इसे वर्षाजनित हादसा होने के कारण पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने का प्रयास शुरू कर दिया है।

बता दें कि गुरूवार को सवेरे ही अचानक मौसम में बदलाव हो गया। आकाश पर काले बादल छा जाने के कारण हवा ने ठण्डक का अहसास कराया। इसी बीच झमाझम बारिश होने लगी। जनपद में शहर से गांव देहात तक यह बारिश हुई। इस कारण कई स्थानों पर बारिश के कारण अनेक समस्या उत्पन्न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना भी करा पड़ा। खतौली में बारिश के कारण बाजारों में भी पानी भर गया, हालांकि तब तक बाजार खुलने का समय नहीं हुआ था।

भोपा थाना क्षेत्र के गांव रूड़कली में एक दलित परिवार के लिए यह बारिश आफत की बारिश साबित हुई। सवेरे बारिश शुरू होने के दौरान ही रूड़कली में दलित विकास कुमार के घर पर उनका 3 साल का पुत्र विहान कुमार खेल रहा था। बारिश के कारण अचानक ही मकान की पक्की दीवार गिर गई। दीवार गिरने के कारण विहान मलबे में दब गया। यह देखकर परिजनों ने शोर मचा दिया। परिवार में कोहराम सा मच गया। परिजनों की चीख सुनकर आस पडौस के लोग भी जुट गये। तेजी से मला हटाया गया। मलबे से विहान बेसुध पड़ा मिला, उसको चिकित्सक के पास ले जाया गया, जिसने उसको मृत घोषित कर दिया।

विहान की मौत होने की खबर पर परिजनों का विलाप शुरू हो गया। गांव में शोक सा छा गया। वहीं शहर में भी अनेक स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के कारण निचले इलाकों में गन्दगी और जलभराव के कारण काफी बुरा हाल हो रहा है। कच्चे रास्तों में तो चलने की जगह भी नहीं बची है। मलिन बस्तियों में जलभराव के कारण कई मकानों का अभी भी खतरा बना हुआ है।