आज 26 अक्टूबर दिन बुधवार को देश भर में गोवर्धन पूजा मनाया जा रहा है. इस दिन प्रीति योग में गोवर्धन पूजा है. यह योग मांगलिक कार्यों के लिए शुभ है. इस दिन लोग भगवान श्रीकृष्ण, गौ माता और गोवर्धन पर्वत की पूजा करते हैं. इनके अलावा इंद्र देव, अग्नि देव, वरुण देव आदि की भी पूजा करते हैं. गोवर्धन पूजा को अन्नकूट कहते हैं क्योंकि इस दिन विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए जाते हैं और पूजा के समय भगवान श्रीकृष्ण अर्पित कर भोग लगाते हैं. भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और धन-धान्य में वृद्धि होती है. केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र से जानते हैं गोवधर्न पूजा का शुभ समय और पूजन
विधि.
कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि का शुभारंभ: 25 अक्टूबर, दिन मंगलवार, शाम 04:18 बजे से
कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि का समापन: आज 26 अक्टूबर, दिन: बुधवार, दोपहर 02:42 बजे
गोवर्धन पूजा का शुभ समय: सुबह 06:29 बजे से सुबह 08:43 बजे तक
प्रीति योग: आज प्रात:काल से लेकर सुबह 10:09 बजे तक
आयुष्मान योग: आज सुबह 10:09 बजे से लेकर कल सुबह 07:27 बजे तक
स्वाति नक्षत्र: आज दोपहर 01:24 बजे तक, फिर विशाखा नक्षत्र प्रारंभ
गोवर्धन पूजा 2022 दिन का चौघड़िया शुभ मुहूर्त
लाभ-उन्नति: सुबह 06:29 बजे से सुबह 07:53 बजे तक
अमृत-सर्वोत्तम: सुबह 07:53 बजे से सुबह 09:17 बजे तक
शुभ-उत्तम: सुबह 10:41 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक
चर-सामान्य: दोपहर 02:53 बजे से शाम 04:17 बजे तक
लाभ-उन्नति: शाम 04:17 बजे से शाम 05:41 बजे तक
गोवर्धन पूजा वाले दिन घर के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन बनाकर फूलों से मंडप को सजाया जाता है. पूजा के शुभ मुहूर्त में गोवर्धन जी को फूल, अक्षत्, फल, दीप, नैवेद्य, मिठाई आदि अर्पित कर पूजन करते हैं. उनके नाभि स्थान पर मिट्टी के बड़े से दीपक में बताशे, दूध, दही आदि रखते हैं और उनकी कम से कम 7 बार परिक्रमा करते हैं. गोवर्धन की पूजा करने से व्यक्ति गौ धन, संतान, धन आदि में वृद्धि होती है.
घर पर बनाए गए विभिन्न प्रकार के पकवानों से तैयार अन्नकूट का भोग भगवान श्रीकृष्ण को लगाया जाता है और उनकी पूजा की जाती है. इस दिन ब्रज मंडल के श्रीकृष्ण मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के भोग भी लगाए जाते हैं.
गोवर्धन पूजा या अन्नकूट को इंद्र पर भगवान श्रीकृष्ण की जीत के रूप में मनाते हैं. इस दिन गोवर्धन की पूजा भगवान के रूप में होती है.