जेल में बंद दो ग्राम प्रधानों को प्रशासन ने जेल में में ही वर्चुअल शपथ ग्रहण कराई है। पुरकाजी ब्लाक के गांव खोजा नंगला के प्रधान मौहम्मद कलीम और बुढ़ाना ब्लॉक के गांव मंदवाडा के ग्राम प्रधान फैज मौहम्मद को जेल में शपथ ग्रहण कराई गई है। फैज मौहम्मद दिव्यांग भी हैं।

पुरकाजी ब्लाक और छपार थाना क्षेत्र के गांव खोजा नंगला से मौहम्मद कलीम प्रधान चुना गया है। परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद ही पूर्व प्रधान पक्ष से उसका झगड़ा हो गया था, जिसमें फायरिंग भी हुई थी। पुलिस ने हत्या के प्रयास और बलवा आदि का मामला दर्ज कर प्रधान मोहम्मद कलीम को जेल भेज दिया था, तभी से वो जेल में है।

उधर, बुढ़ाना ब्लाक के गांव मंदवाडा से फैज मौहम्मद प्रधान बना। परिणाम घोषित होते ही गांव में विजयी जुलूस निकाला था। पुलिस मौके पर गई तो पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ग्राम प्रधान फैज मौहम्मद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों ग्राम प्रधान जेल में बंद होने पर प्रशासन ने उन्हें जेल में ही शपथ ग्रहण कराई। बुढ़ाना और पुरकाजी ब्लाक के अधिकारियों ने मंगलवार को जेल में जाकर दोनों ग्राम प्रधानों मौहम्मद कलीम और फैज मौहम्मद को वर्चुवल शपथ ग्रहण कराई। यह जिले में पहली बार हुआ जब दो ग्राम प्रधानों को जेल में शपथ ग्रहण कराई गई है।