मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के अहमद पुरी गांव में सोमवार सुबह पंचायत चुनाव में मतदान से पहले एक युवक को गोली मार दी गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। उधर, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।

गांव अहमद पुरी में सोमवार सुबह साढ़े छह बजे के करीब दो दोस्त शराब के नशे में घूम रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिपाल नाम के युवक को उसके दोस्त सीटू ने तमंचे से गोली मार दी। महिपाल के पेट में गोली लगी है।

उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि परिजनों ने अभी तक घटना की तहरीर नहीं दी है।

इसके अलावा गांव कैली रामपुर में फर्जी वोट को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। गांव कैली रामपुर में सोमवार को फर्जी मतदान को लेकर पूर्व प्रधान राणा व पूर्व प्रधान वेद प्रकाश के समर्थकों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। बताया गया कि राणा पक्ष के चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया है।