मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव निराना में निकाह के दौरान दहेज में बुलेट बाइक को लेकर दूल्हा-दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष ने बुलेट देना तय न होने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। दुल्हन ने निकाह से इनकार कर दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा । पुलिस ने दूल्हे व उसके पिता को थाने में बैठा लिया है। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है।

भोपा थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर निवासी इरशाद की बरात सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निराना आई थी। बरात की खूब खातिरदारी हुई। निकाह की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे पक्ष ने बुलेट बाइक की मांग की। दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

इसी दौरान दूल्हे पक्ष के एक युवक ने दुल्हन पक्ष के एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया, तो इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी तब मौके पर पहुुंची पुलिस दूल्हा व उसके पिता तथा दूसरे पक्ष के लोगों को भी थाने ले आई।

बताया गया कि जब दुल्हन पक्ष के व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया और निकाह से पहले ही दहेज में बुलेट मांगी जाने लगी तो पिता की बेइज्जती होते देख कर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।

मामला बिगड़ने पर गांव के गणमान्य लोग एकत्र हो गए। अंसारी समाज के लोग भी आसपास गांव से थाने जा पहुंचे। सभी लोग मामला सुलझाने में लगे थे।

दूल्हे पक्ष का कहना है कि वह लोग शादी के लिए तैयार हैं। उन्होंने दहेज में किसी प्रकार की कोई मांग नहीं की है। शादी से दुल्हन ही मना कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में गांव के प्रतिष्ठित ग्रामीण फैसले का प्रयास कर रहें हैं। फैसला न होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।