मुजफ्फरनगर: कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का भोपा रोड स्थित बैंक्वेट हाल में जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार देश-प्रदेश में विकास कार्यों की गंगा बहा रही है। यूपी और उत्तराखंड में तेजी से कार्य हो रहे हैं। सड़कों का जाल होने से चारधाम यात्रा सुगम हुई है। रविवार देर शाम उत्तराखंड से जिले में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल, पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल समेत वैश्य समाज के लोगों ने स्वागत किया।
प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि यूपी और उत्तराखंड में फिर से भाजपा की सरकार बनी है। इसके लिए जनता को धन्यवाद देने आए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी और उत्तराखंड में सड़क निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं। इसके चलते चारधाम यात्रा आसान हुई है। केंद्र सरकार रेल संचालन पर ध्यान दे रही है। इससे आगामी वर्षों में चारधाम की यात्रा ट्रेन से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के लोग दिल के बहुत अच्छे हैं। उत्तराखंड में आने पर उनका भी इसी प्रकार गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।
राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश को समृद्ध करने में जुटे हैं। इसी तर्ज पर उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार विकास को अहमियत दे रही है। इस दौरान सभासद विपुल भटनागर, पूर्व विधायक अशोक कंसल, शशि शर्मा आदि मौजूद रहे।