नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भारत के गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी है। उन्हाेंने अपने शुभकामना संदेश में लिखा है कि यह दिन आधुनिक भारत की समृद्ध संस्कृति और प्रभावशाली उपलब्धियों का सम्मान करने का क्षण है। यह भारतीय विरासत के सभी लोगों के लिए अपने साझा प्यार और साझा विश्वास के आसपास एकजुट होने का मौका है। मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं जो एक खुशहाल #RepublicDay मना रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि 26 जनवरी ऑस्ट्रेलिया का भी राष्ट्रीय दिवस है।
दोनों देशों के राष्ट्रीय पर्व में यह समानता हमें अपनी दोस्ती की गहराई का जश्न मनाने का मौका देता है। आस्ट्रेलियाई पीएम ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमें अपने संबंधों को मजबूती और गहराई देते हुए अपने साझा भविष्य की ओर बढ़ना है। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने लिखा है कि भारत ने अपनी आजादी के बाद सात दशकों में असाधारण प्रगति की है। ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों के संबंध के लिए भारत का आभार व्यक्त करता है। यह संबंध दोनों देशों को समृद्ध करता है।
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने भी भारत के गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “भारतीय संविधान की सफलता राष्ट्रों के लिए एक प्रेरणा है। भारतीय लोकतंत्र न केवल जीवित है बल्कि फल-फूल रहा है। गणतंत्र दिवस पर भारत सरकार और भारत की जनता को हमारी हार्दिक शुभकामनाएं। मैं भारत की शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।”
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने 74 वें गणतंत्र दिवस पर भारतीय नेतृत्व को बधाई दी है। क्रेमलिन की ओर से बयान जारी कर मास्को और नई दिल्ली में पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को बढ़ावा देने का विश्वास व्यक्त किया गया है।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को देश के 74वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “भारत के 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैं प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, भारत की सरकार और मैत्रीपूर्ण लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।” उधर, ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोलकिया ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और कहा कि वह भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के लिए उत्सुक हैं। ब्रुनेई के सुल्तान की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “मुझे आपके गणतंत्र दिवस पर महामहिम और भारत गणराज्य की सरकार और लोगों को हार्दिक बधाई भेजते हुए बहुत खुशी हो रही है।”