मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल की मासिक बैठक में महंगाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। यहां पर रालोद नेताओं ने भाजपा की सरकारों पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए महंगाई और भ्रष्टाचार पूर्ण व्यवस्था के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि 2022 में यूपी की सत्ता से भाजपा का सूपडा साफ हो जायेगा। इसके साथ ही बैठक मे ं 31 अक्टूबर को लखनऊ कूच का भी आह्नान किया गया।

रविवार को सरकूलर रोड पर स्थित रालोद कार्यालय पर पार्टी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने पार्टी का एजेण्डा कार्यकर्ताओं के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के कारण महंगाई चरम पर है और ऐसे में लोगों का जीवन भी दूभर हो गया है। महंगाई से हर आदमी त्रस्त है तो भाजपा की सत्ता के कारण भ्रष्टाचार ने लोगों का शोषण कर रखा है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुददों को लेकर अनेक बार आंदोनल किये और जनता के हितों को लेकर संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को रालोद प्रमुख जयंत चौधरी लखनऊ में भव्य समारोह के बीच विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पार्टी का संकल्प पत्र घोषित करेंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ताओं को वहां पर पहुंचना है। जनपद मुजफ्फरनगर से भी भारी संख्या में रालोद कार्यकर्ताओं को लखनऊ कूच करना है। इसके लिए मासिक बैठक में रूपरेखा तैयार की गयी है।

बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तसरपाल मलिक, प्रवक्ता अभिषेक चौधरी, सुधीर भारतीय, विदित मलिक, सार्थक लाटियान, उदयवीर मास्टर, हर्ष राठी, पराग चौधरी आदि सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।