फिरोजाबाद। जिस पत्नी की दहेज हत्या के आरोप में पति मुश्किलें झेल रहा था वह जालौन में अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को बरामद कर लिया है। मामला गांव नंदपुर धातरी का है। सुनील कुमार की 16 वर्ष पूर्व मैनपुरी के भोगांव निवासी रीता से शादी हुई थी। वह जून के प्रथम सप्ताह में घर से गायब हो गई। पति ने 10 जून को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

25 जून को रीता के पिता ने पति सहित अन्य ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को यमुना में प्रवाहित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करा दी। पुलिस ने पति सहित अन्य ग्रामीणों से जानकारी की तो उन्होंने किसी व्यक्ति के साथ जाने की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने दोनों पहलु पर जांच शुरू कर दी।

शुक्रवार को पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी लालता प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि प्रेमी गांव के पास ही ईंट भट्टा पर मजदूरी करता था। उसके पास ही सुनील के खेत हैं। इस दौरान सुनील और भट्टा मजदूर की दोस्ती हो गई। वह उसके घर से दूध लेने भी जाता था। इस बीच दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। सोमवार को न्यायालय में महिला के बयान दर्ज कराए जाएंगे।