मुजफ्फरनगर. जानसठ रोड स्थित एक पाश कालोनी निवासी महिला ने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। महिला का आरोप है कि पति ने उसे घर से निकाल दिया। देर रात तक महिला घर के दरवाजे के बाहर बैठी हुई थी। पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पाश कालोनी निवासी व्यापारी की शादी 14 वर्ष पूर्व मोदीनगर निवासी युवती से हुई थी। बताया गया है कि दोनों के बीच विवाद चल रहा है।

महिला मायके गई थी। गुरुवार शाम महिला ससुराल पहुंची तो व्यापारी पति ने दोनों बेटों को अंदर बुला लिया और पत्नी को घर से निकालकर दरवाजा बंद कर लिया। महिला घर के दरवाजे पर ही बैठ गई। महिला का आरोप है कि पति के एक महिला से अवैध संबंध हैं। बताया गया है कि महिला के साथ उसका भाई भी गुरुवार को उसके साथ मुजफ्फरनगर आया था। नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। देर रात तक हंगामा जारी था।

नई मंडी कोतवाल पंकज पंत का कहना है कि बातचीत की जा रही है। उधर, महिला के भाई का कहना है कि पुलिस को तहरीर दी जाएगी।