मुज़फ्फरनगर: उत्तर प्रदेश में इन दिनों धूप दिन भर रह रही है। हालांकि राहत बस इतनी है कि इस हिसाब से ज्‍यादा गर्मी नहीं पड़ रही है। अब आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम जस का तस बने रहने के आसार जताए गए हैं। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। प्रदेश में 17 अक्टूबर तक बारिश और बादल गरजने की संभावना नहीं जताई गई है। इस अवधि में प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है, जिसके चलते आम जनता को धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

13 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम बिल्कुल साफ रहने वाला है। प्रदेश के किसी भी हिस्से में कोई अलर्ट नहीं है। ऐसा ही मौसम प्रदेश में आने वाले दिनों में भी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 14 से लेकर 16 अक्टूबर तक पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी तरह 17 अक्टूबर को भी प्रदेश के किसी हिस्से में अभी बारिश के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने का अलर्ट नहीं जारी हुआ है।

वहीं राजधानी लखनऊ में 34℃ अधिकतम और 22.6℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। बाराबंकी में 33.4℃, हरदोई में 34℃, कानपुर सिटी में 34.4℃, इटावा में 32℃ और लखीमपुर खीरी में 30℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। साथ ही गोरखपुर में 32.5℃, बुलंदशहर में 32℃, अलीगढ़ में 34℃, आगरा में 34.5℃, मेरठ में 34.3℃ और मुजफ्फरनगर में 32.3℃ अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है।

मुजफ्फरनगर में सबसे कम 17.8℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। बरेली में 18.7℃, मेरठ में 19.6℃, नजीबाबाद में 19℃, झांसी में 23.2℃, बस्ती में 23℃ और गाजीपुर में 21.5℃ न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है।