मज़फ्फरनगर।  गांव कुल्हेड़ी निवासी महिला ने कोतवाली नगर के बहेड़ी निवासी अरविंद को दुष्कर्म के मामले में फंसाने का भय दिखाकर डेढ़ लाख रुपये वसूले थे। व्यापारी की पत्नी ने चरथावल थाने में महिला सहित दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कराया। पुलिस ने विवेचना की। मामला सही पाए जाने पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिये। जबकि दूसरा साथी आरोपी फरार है। लकड़ी व्यापारी अरविंद और मुजिम्मल दोनों साझे में पेड़ काटने का काम करते थे। मुजिम्मल ने अरविंद से दो लाख रुपये उधार ले रखे थे। कई बार तगादा करने पर वह रुपये नहीं लौटा रहा था।

उसने अरविंद को झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की साजिश रची। 16 जनवरी को अरविंद अपने भाई अंशुल की शादी का कार्ड देने मुजिम्मल के घर कुल्हेड़ी गया। तभी अपने उधार वाले रुपये भी मांगे। मुजम्मिल ने बताया कि रुपये आरोपी महिला के यहां रखे हैं। वह अरविंद को लेकर उसके घर लेकर चला गया। यहां महिला ने दुष्कर्म का झूठा नाटक रच डाला और शोर मचा दिया। दोनों आरोपियों ने मामले को रफा-दफा करने की एवज में पांच लाख रुपये की मांग की, जिसमें डेढ़ लाख रुपये में फैसला हुआ। 17 जनवरी को फैसले के नाम पर महिला ने डेढ़ लाख रुपये लिए।