मुजफ्फरनगर। चार साल से काम कर रहे नगर पंचायत भोकरहेड़ी में पांच ठेका सफाई कर्मचारियों को अचानक ही हटाने और उन्हें ड्यूटी पर ना लेने से नाराज़ सफाई कर्मचारी संगठन ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। आज भोकरहेडी पहुंचे सफाई कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष ने धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल का नोटिस नगर पंचायत में दिया है। 15 नवंबर से भोकरहेडी में सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल की चेतावनी दी गई है।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष चमन लाल ढिंगान ने बताया कि नगर पंचायत भोकरहेड़ी अमित, साहिल, रवि, दीपाली, कृष्णा कई वर्षाे से ठेका सफाई कर्मचारी थे, जिन्हे मात्र 6700 रूपये प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा था, जबकि शासनादेश के अनुसार 10105 रूपये प्रतिमाह वेतन है। उक्त सफाई कर्मचारियों ने जब चेयरपर्सन सरला देवी और चेयरमैन पति रविदत्त से इसका विरोध किया तो उन्होंने पांचों सफाई कर्मचारियों को 2 अक्टूबर को बिना नोटिस दिए हटा दिया। उन्होंने बताया कि इस सम्बंध में जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी प्रशासन को 20 अक्टूबर को ज्ञापन और प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिस पर कोई प्रभावी ना होने पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष चमन लाल ढिंगान और महामंत्री मनोज सौदाई एडवोकेट आज नगर पंचायत कार्यालय भोकरहेडी पहुंचे और अधिशासी अधिकारी के नाम सम्बोधित नोटिस दिया। परन्तु ईओ और अध्यक्षा के ना मिलने पर कार्यालय बाबू सुभाष को नोटिस की कॉपी रिसीव कराई।

नोटिस के मुताबिक नगर पंचायत भोकरहेड़ी प्रशासन परआरोप लगाया गया कि जिन ठेका सफाई कर्मचारियों को 6700 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा था। शासनादेश के अनुसार न्यूनतम वेतन 336 रूपये 85 पैसे है जिसके अनुसार 10106 रूपये वाजिब होता है। नोटिस में कहा गया कि यदि ठेका सफाई कर्मचारियों का पुराना एरियर का भुगतान और उनकी बहाली नही की गई तो 15 नवम्बर से धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल और काम बन्द हड़ताल की जायेगी। जिसकी तमाम जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन भोकरहेडी की होगी। नोटिस देने वालो में जिलाध्यक्ष चमन लाल ढिंगान, मनोज सौदाई एडवोकेट, सोनू एडवोकेट, मिलन बिड़ला, शिव कुमार, अमित, रवि, साहिल, ओमबीर, जगदीश, सुनील, सागर, बिजेंद्र, चांद खां, विकास, रवि कुमार, कृष्णा, दीपाली, जयप्रकाश आदि मौजूद रहे।