शामली. शामली जिले के गांव चौसाना की चार हजार बीघा सार्वजनिक कृषि योग्य भूमि अवैध कब्जा मुक्त कराने के लिए 26 साल से मुजफ्फरनगर में दिए जा रहे मास्टर विजय सिंह के धरने को गूगल ने विश्व का सबसे लंबा धरना बताया है।

गूगल पर मास्टर विजय सिंह का नाम विश्व के सबसे बड़े धरने के साथ ट्रेंड कर रहा है। मास्टर विजय सिंह के मुताबिक, गूगल इंडिया हेड ने एक दिन पहले फोन कर उन्हें यह जानकारी दी। शामली की ऊन तहसील के गांव चौसाना की सैकड़ों करोड़ रुपए कीमत वाली करीब चार हजार बीघा सार्वजनिक कृषि योग्य भूमि पर भू-माफिया का अवैध कब्जा किया है।

26 फरवरी, 1996 को चौसाना के मास्टर विजय सिंह ने अवैध कब्जा हटवाने की मांग करते हुए मुजफ्फरनगर DM कार्यालय के सामने धरना शुरू किया था। धरने के साढे 26 साल बीतने के बावजूद कोई भी सरकार जनहित में मास्टर विजय सिंह को न्याय नहीं दिलवा सकी।

8 अप्रैल, 2019 को CM योगी की शामली में हुई चुनावी सभा में भी विजय सिंह ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने DM शामली को जांच कराने के आदेश दिए थे। एसडीएम ऊन सुरेंद्र सिंह ने जांच कर DM को रिपोर्ट दी थी। इसमें सैकड़ों करोड़ रुपए की हजारों बीघा सार्वजनिक कृषि भूमि पर पूर्व विधायक ठा. जगत सिंह का अवैध कब्जा साबित हुआ था।

रिपोर्ट में ठा. जगत सिंह को भू-माफिया घोषित करने की संस्तुति भी की गई थी। इसके बाद DM ने मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन कर कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी थी। विजय सिंह का कहना है कि CM योगी ने शामली की भरी सभा में जो वादा किया था, उसे आज तक पूरा नहीं किया। उनके पांच साल के कार्यकाल में मास्टर विजय सिंह ने कई बार लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास जाकर योगी से मुलाकात का समय मांगा। मगर, उन्हें समय नहीं दिया गया।

2012 में कृषि भूमि अवैध कब्जा मुक्त कराने के लिए विजय सिंह पद यात्रा करते हुए लखनऊ पहुंचे थे। तत्कालीन CM अखिलेश यादव से मुलाकात कर भूमि कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। इस पर जांच कमेटी गठित की गई। आरोपियों के सपा में चले जाने से राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। बसपा सरकार के दौरान प्रमुख सचिव गृह ने कार्रवाई का आदेश दिया था। इस पर जिला प्रशासन ने 300 बीघा भूमि अवैध कब्जा मुक्त कराई थी। बाद में राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सबसे लंबा धरना देने पर इंडिया बुक आफ रिकाड्स ने मास्टर विजय सिंह का नाम किताब में शामिल कर उन्हें धरना स्थल पर ही सम्मानित किया था। सार्वजनिक कृषि भूमि कब्जा मुक्त कराने की मांग के लिए विजय सिंह 26 साल से लगातार धरना दे रहे हैं। उनका धरना लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, वर्ल्ड रिकार्ड इंडिया और मीरा सेल्स ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो चुका है।

मास्टर विजय सिंह का धरना गूगल सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन के लिहाज से भी टॉप पर है। विश्व का सबसे बड़ा धरना टाइप कर सर्च करते ही गूगल पर मास्टर विजय सिंह के 26 साल से चल रहे धरने से संबंधित खबरे ट्रेंड करने लगती हैं। मास्टर विजय सिंह के मुताबिक, एक दिन पहले ही इस बात की जानकारी गूगल इंडिया की और से फोन कर उन्हें दी गई थी। उन्होंने बताया कि फोन पर वार्ता खत्म होने के पश्चात उनके मोबाईल से वह नंबर भी गायब हो गया जिससे उन्हें फोन किया गया था। वार्ता करने वाले ने अपना नाम व नंबर बताने से इंकार करते हुए सिर्फ यही कहा था कि वह गूगल से बोल रहे हैं।