मुजफ्फरनगर। रविवार दोपहर पुरकाजी पुलिस कोर्ट में पेश करने के लिए तीन आरोपियों को ला रही थी। इनमें से दो आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया तो दूसरा पुल से नीचे कूद गया। दोनों को पकड़ लिया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में ले जाया गया।

सूत्रों के मुताबिक, रविवार को पुरकाजी पुलिस ने तीन आरोपियों को किसी मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के लिए भेजा था। तीनों आरोपियों को तीन पुलिसकर्मी लेकर पुरकाजी से शहर में पहुंचे थे। पुलिस उन्हें पैदल लेकर अंसारी रोड से सीओ सिटी कार्यालय के सामने वाले कोर्ट के छोटे गेट से अंदर ले जाने वाली ही थी कि अचानक दो आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर रस्सा छुड़ाकर भाग निकले। दोनों ने भोपा पुल की ओर दौड़ लगा दी। पुलिसकर्मियों ने भाग रहे दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए शोर मचाया और एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी।

इसी दौरान कहीं से बाइक पर आ रहे होमगार्ड नरेंद्र ने मदद की और इसके बाद पुल से पहले ही दोनों आरोपी पकड़ लिए गए। होमगार्ड नरेंद्र का कहना था कि दोनों आरोपी पुरकाजी पुलिस लेकर आई थी। जो भागने की कोशिश कर रहे थे उन्होंने मदद कर दोनों आरोपी पकड़वाएं है। पुरकाजी थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बोध का कहना है कि दो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया था। उन्हें तुरंत पकड़ लिया।