हापुड़. बाबूगढ़ पुलिस ने पुलिसकर्मी की पत्नी की हत्या का खुलासा किया है। इस मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि महिला की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से युवक से हुई थी। शादी का दबाव डालने पर आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
4 सितम्बर को बाबूगढ़ इलाके में मोहल्ला मधुबन कॉलोनी में निवासी ममता (35) की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। मृतका की शादी कस्बे में मधुबन कॉलोनी में किराये पर रहने वाले शिवकुमार के साथ हुई थी। मूल रूप से मेरठ के रहने वाला शिवकुमार यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और फिलहाल शामली में तैनात हैं। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी थी।
फेसबुक से हुई थी दोस्ती
सीओ अशोक कुमार ने बताया कि मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। जिसने अपना नाम प्रदीप निवासी करीमपुर गढ़ बताया है। मृतक ममता की दोस्ती 6 महीने पूर्व फेसबुक से हुई थी। आरोपी की ममता से दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों का मिलना जुलना शुरू हो गया।
रास्ते से हटाने के लिए की हत्या
इसी बीच प्रदीप की सगाई तय हो गई। जिस पर ममता ने उस पर शादी का दबाव डाला। तभी उसने ममता को रास्ते से हटाने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। पकड़े गए आरोपी से मृतका के पति का पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।