दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया है। बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई और इसके बाद शुक्रवार सुबह से भी हल्की बारिश की सूचना है। बादल छाए हुए हैं और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के आसमान में हल्के बादल छाए रहने के साथ दिन में बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।
वहीं, इससे पहले सुबह से बादल छाए रहने के साथ मौसम सुहावना रहा और बृहस्पतिवार को दोपहर बाद हल्की वर्षा भी हो गई। जिसके बाद तापमान में तीन डिग्री सेल्यिस गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
दरअसल पिछले कई दिन से तेज धूप के साथ बुधवार को मौसम बदलने के बाद से ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। जिसके बाद से लगातार बादल छाए हुए थे। बृहस्पतिवार को सुबह से ही ठंडी हवा चलने के साथ गर्मी से राहत थी। सुबह सवेरे बूंदाबांदी के बाद दोपहर बाद वर्षा होने लगी। कुछ देर हल्की वर्षा के बाद काफी ठंडक महसूस हुई और मौसम सुहावना हो गया।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। वातावरण में 92 प्रतिशत नमी रही। हवा अधिकतम 16 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली।
मौसम विभाग के अनुसार, इस पूरे सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना बना रहेगा। हल्की बूंदाबांदी के बीच न्यूनतम और अधिकतम तापमान भी लोगों को राहत देता रहेगा।
उधर, लगातार हो रही हल्की बारिश और बूंदाबांदी के चलते दिल्ली-एनसीआर की हवा साफ बनी हुई है। ज्यादातर शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 से ऊपर ही है, लेकिन यह राहत की बात है।