सहारनपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज सहारनपुर में आ रहे हैं। उनके आने से जनपद में रेल परियोजना के विकास एवं मेरठ से संगम ट्रेन के विस्तार की सौगात मिल सकती है। इससे सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के हजारों वादकारियों एवं तीर्थ यात्रियों को यहां से ट्रेन का विस्तार होने से लाभान्वित होंगे। प्रयागराज जाने वाली संगम एक्सप्रेस को मेरठ से विस्तार देकर सहारनपुर से चलाए जाने मांग दशकों पुरानी है।
रेल मंत्री अश्विनी विगत 14 और 15 जुलाई को जनपद में देवबंद और बेहट विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोल गए थे। उनके लोगों ने समक्ष रेल संबंधी विभिन्न मांगों को रखा था। सोमवार यानी आज से दो दिन के प्रवास पर रेल मंत्री का दोबारा आगमन पर जनपदवासियों को सौगात मिलने की उम्मीद है। संगम एक्सप्रेस मेरठ से बनकर प्रयागराज जाती है। कई सालों से जिले के लोग इस ट्रेन का संचालन सहारनपुर तक कराने की मांग कर रहे हैं। पिछले दौरे में भी यह मांग मंत्री के सामने लाई गई थी। इस ट्रेन के सहारनपुर से दौड़ने के बाद सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के यात्रियों को खासी राहत मिलेगी। प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा खुर्जा आदि सहारनपुर से जुड़ जाएंगे। यहां के काष्ठ कला के कारोबार में तरक्की होगी और माल जाने में सुलभता रहेगी।
मंत्री ने सहारनपुर से होकर वंदे भारत ट्रेन चलाने और कंटेनर डिपो बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने स्टेशन को विश्व स्तरीय बनाने की भी घोषणा की थी। मां भगवती का आशीर्वाद रहा तो जल्द ही मां शाकंभरी को रेल लाइन से जोड़ने की बात भी मंत्री कह गए थे। इन मांगों में से कुछ को पूरा कराने की घोषणा रेल मंत्री कर सकते हैं। देहरादून बांद्रा को टपरी की बजाए सहारनपुर तक चलाने की मांग प्रमुख हे। गौरतलब है पिछले दौरे में मंत्री ने कोरोना काल में बंद ट्रेनों के संचालन की मांग पूरी करा दी थी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को देवबंद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद विख्यात बाला सुंदरी मां के दर्शन करेेंगे। बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से मौके पर जाकर संवाद कर संगठन को मजबूती पर फोकस रहेगा। दोपहर डेढ़ बजे रामपुर मनिहारान विधान सभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और गांव दूधला में जाएंगे। उसके बाद सहारनपुर में गुर्जर समाज के नेताओं से गुफ्तगू करेंगे।
रेल मंत्री के दौरे से पहले दिल्ली और अंबाला मंडल के अफसरों ने जनपद में डेरा डाल दिया है। रविवार को रेलवे स्टेशन पर दिनभर अधिकारी तैयारियों को पूरा करने में जुटे रहे। पानी की टंकियों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, कार्यालयों के अंदर मेज, मशीनों पर पेंट कर दिया गया। रेलवे अधिकारी विश्राम गृह को चमकाया दिया है। यहीं पर मंत्री रात्रि विश्राम करेंगे।