सहारनपुर।  देवबंद की गांधी कॉलोनी में विवादित जमीन की नपाई के दौरान तहसील की राजस्व टीम के सामने ही दो पक्षों में पथराव और फायरिंग हो गई। इसमें गोली लगने से शारिक (18) की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।

गांधी कॉलोनी में यामीन और सलीम पक्ष के बीच प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम सिविल कोर्ट से न्यायालय अमीन टीम के साथ नपाई करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मारपीट, पथराव और फायरिंग होने लगी। आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। न्यायालय अमीन और उनकी टीम ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। संघर्ष में सलीम के बेटे शाकिर के पेट में गोली लग गई। जबकि यामीन (65), सलीम (58), मोहल्ला लहसवाड़ा निवासी सलमान (20), नईम (25) और फिरोज (28) समेत छह लोग घायल हो गए।

संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने शाकिर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से कॉलोनी में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व में दोनों पक्षों के लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया था। गोली लगने से एक युवक की मौत हुई है और कई घायल हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।