सहारनपुर। फेरों से ठीक पहले दूल्हे और उसके घरवालों ने कार की डिमांड रख दी, जबकि पहले बाइक की बात तय हुई थी। काफी हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दुल्हन ने ऐसे लालची लोगों से शादी करने से साफ इंकार कर दिया। दूल्हे पक्ष की खूब बेइज्जती हुई और बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के एक गांव से कोतवाली मिर्जापुर के गांव में बरात आई थी। बरात का दुल्हन पक्ष ने बड़े अच्छे तरीके से स्वागत किया। सब कुछ सही था। फेरों के समय दूल्हा और उसके पक्ष की ओर से दहेज में बाइक के स्थान पर कार की डिमांड रख दी गई। दुल्हन पक्ष की ओर से जिम्मेदार लोगों ने दूल्हा पक्ष के लोगों को समझने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। बात इतनी बढ़ी कि पुलिस को बुलाना पड़ा, लेकिन मामला नहीं सुलझा।
इसके बाद दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र गौतम का कहना है कि उक्त गांव में बरात के दौरान आपस में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद मौके पर पुलिस भेजी गई थी। दहेज में कार मांगे जाने की बात उनके संज्ञान में नहीं है। दूल्हा पक्ष द्वारा माफी मांगे जाने के बाद मामला निपट गया था।