मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने अपने प्रत्याशी मदन भैया के समर्थन में खतौली विधानसभा क्षेत्र के गांवों में दौरा किया। गालिबपुर गांव में हुई सभा में कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के घर के सामने बुल्डोजर खड़ा कर अपनी ताकत दिखा रही है। इतना भी क्रूर शासन नहीं होना चाहिए कि गरीब की आवाज डर के चलते दब जाए। किसान और जनमानस की समस्याओं से सरकार को कुछ लेना देना नहीं है।
अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का एक नारा सबका साथ, सबका विकास है, लेकिन यह कितना चरितार्थ होता है यह जनता देख रही है। कपड़ों से आस्था की पहचान कराई जा रही है। भाजपा के लोग समाज का बंटवारा करना चाहती है।
गांव पमनवली में रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने कहा कि गन्ना भाव की फाइल शासन ने दबा रखी है। इनकी मंशा पुराना मूल्य देने की है। पहले देश में रेल बजट की चर्चा होती थी। लोगों को उम्मीद रहती थी कि नई रेल परियोजनाएं उनके क्षेत्र को मिलेगी लेकिन अब ऐसा नहीं है। केंद्र सरकार किसान बजट बनाने से हाथ पीछे खींचती है। यह देश खेती-किसानी और उसकी खुशहाली पर ही समृद्ध बन सकता है।
रालोद अध्यक्ष ने कहा कि भाईचारा और एकजुटता के बल पर भाजपा की सांप्रदायिक मानसिकता को तोड़ा जा सकता है। अब सर्व समाज एकजुट हो रहा है। यह देख कर भाजपा के लोगों में बैचेनी है।