भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले के बाद हर कोई उनका हाल जानना चाह रहा है। कई नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर हाल जाना। वहीं, शुक्रवार को सपा विधायक अतुल प्रधान उनका हालचाल जानने पहुंचे।

आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद की हालत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने बृहस्पतिवार की शाम करीब 6:00 बजे उन्हें छुट्टी दे दी थी। इसके बाद परिजन उन्हें छुटमलपुर स्थित आवास पर लेकर पहुंचे। जहां चंद्रशेखर का हाल जानने वालों का तांता लग गया। कल से ही उनका हाल जानने के लिए लोगों की भीड़ लगी है। इस बीच कई नेता भी उनका हाल जानने पहुंचे।

शुक्रवार की सुबह पंजाब से किसान नेता भाकियू चढूनी के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी चंद्रशेखर से मिलने उनके आवास पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि देश का किसान चंद्रशेखर के साथ खड़ा है। चंद्रशेखर समाज के वंचित वर्गों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ रहे हैं। उन पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि वह जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का काम करें।