मुजफ्फरनगर| मुजफ्फरनगर में भोपा थाना क्षेत्र के गांव वजीराबाद में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के गांव पेरई निवासी बबलू ने भोपा थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री अंजलि (24) की शादी वज़ीराबाद में शुभम कुमार से तीन वर्ष पूर्व हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया गया था। किन्तु पति शुभम, ससुर आनन्द कुमार व सास सुमन देवी मिले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। अक्सर अंजलि को ताने देकर परेशान करते रहते थे और दहेज लाने के लिए उसका मानसिक उत्पीड़न व मारपीट करते रहते थे। ससुरालजनों से परेशान होकर अंजलि मायका आ गयी थी।
बुधवार को समाज के गणमान्य व्यक्तियों के कहने पर अंजली को ससुराल भेज गया। बुधवार रात अंजलि की हत्या हो जाने की सूचना मिली। परिजन ने बताया कि वे वज़ीराबाद पहुंचे तो अंजलि को मृत अवस्था में पाया। दहेज के लालच में अंजलि की हत्या कर दी गई। सीओ देवव्रत वाजपेयी व थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने घटना की जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति, ससुर व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।