मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने 17 अप्रैल से लापता किशोरी को बरामद कर लिया। इस मामले में दो युवकों को पकड़ा गया है। किशोरी को दो युवकों ने अपने पास पत्नी के रूप में रखा था। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के लापता होने पर 21 अप्रैल को मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों ने गांव के ही सागर उर्फ सोनी पर शक जताया था। वह किशोरी को पहले भी भगा ले गया था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा। शक पुख्ता होने पर पुलिस ने शनिवार रात में उसे कोतवाली लाकर पूछताछ की तो उसने पचैंड़ा रोड मुर्गी फार्म से किशोरी को बरामद करा दिया।
सागर ने बताया कि उसने किशोरी के साथ मंदिर में शादी कर ली थी। कुछ दिन किराए पर रहने के बाद उसने किशोरी को अपने दोस्त नई मंडी के गांव सिलाजुडडी निवासी सैंकी पाल को सौंप दिया था। गिरफ्तार करने पर सैंकी पाल ने पुलिस को बताया कि किशोरी उसके घर पर पत्नी के रूप में रही थी। वह किसी से मोबाइल पर बात करती रहती थी। तब उसने किशोरी को सागर को सौंप दिया था।
सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट व एससीएसटी एक्ट के तहत दोनों आरोपियों का चालान किया गया है। किशोरी के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।