सहारनपुर। गांव बडूली माजरा में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। मृतका के पिता ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
गांव बडूली माजरा ने सतपाल शर्मा की पुत्रवधू साक्षी (25) पत्नी विशाल रात अपने कमरे में सोने गई थी। सुबह जब परिजन उठे तो साक्षी को जगाने के लिए जैसे ही उसके कमरे में गए तो वह चुन्नी से बने फंदे से पंखे पर लटकी थी। घटना की सूचना पुलिस और मायके वालों को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा। परिजनों ने बताया कि साक्षी की शादी इसी साल 19 अप्रैल को विशाल के साथ हुई थी। बताया जाता है कि विवाहिता अभी चार दिन पहले ही मायके से ससुराल आई थी। उसका पति विशाल शर्मा हरिद्वार किसी प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। सोमवार सुबह ही वह घर से हरिद्वार के लिए निकला था। सीओ देवबंद अशोक सिसौदिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।
सीओ ने बताया कि मृतका के पिता थाना देवबंद के भटौल निवासी अनिल शर्मा ने मृतका के पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज में कार की मांग पूरी न करने पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है