मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम ने बसेड़ा से मुजफ्फरनगर आने जाने वाली दो बसों को पुरानी होने के कारण मार्ग से हटा दिया। जिस कारण कई गांवों के लोगों को मुजफ्फरनगर आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन निगम ने देहात के गांवों को शहर से जोड़ने के लिए विशेष तौर पर बल दिया है। जिन गांवों में रोडवेज बसों का संचालन नहीं हो रहा है, उन गांवों का सर्वे भी कराया गया। कई गांवों में नई बसों का संचालन भी शुरू किया है। इन हालातों में छपार क्षेत्र के बसेड़ा सहित कई गांवों के लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुजफ्फरनगर से बसेड़ा व अन्य कई गांवों में आने जाने के लिए संचालित की जा रही दो रोडवेज की बसें पुरानी हो गई थी। निगम ने दोनों बसों को मार्ग से हटा दिया है। लेकिन उनके स्थान पर अभी तक नई बसों का संचालन नहीं किया गया है। इससे यात्रियों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।