सहारनपुर। दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए 15वें सिविल सेवा दिवस पर सहारनपुर निवासी आइएएस डा.किन्नी सिंह को मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। यह पुरस्कार उन्हें प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोक प्रशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए अनेक आइएएस अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया था। सहारनपुर निवासी आइएएस डा. किन्नी सिंह को यह पुरस्कार अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान में अपनी टीम का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करते हुए उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया।
डा. किन्नी सिंह ने 2019 में पूर्वी सियांग जिले में डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत रहकर अपनी टीम का कुशल नेतृत्व करते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी मिशन इंद्रधनुष योजना का उत्कृष्ट रूप से क्रियान्वयन किया था। डा. किन्नी सिंह महानगर के जेजे पुरम निवासी श्रीपाल सिंह बौद्ध एवं रेनूका की पुत्री हैं।