मंसूरपुर। क्षेत्र के नावला गांव में पिता के साथ खेत की सिंचाई करने गए किसान शुभम (24) की पैर फिसलकर कुएं में गिर जाने से मौत हो गई। गांव में गम का माहौल है। गांव नावला निवासी किसान शुभम (24) अपने पिता प्रवेश कुमार के साथ शुक्रवार रात खेत में पानी चलाने के लिए गया था। जब वह ट्यूबवैल का मोटर स्टार्ट कर रहा था, इसी दौरान कुएं पर रखा लकड़ी का तख्ता टूट गया। पैर फिसल कर किसान नीचे कुएं में गिर गया।

काफी देर तक टयूबवैल नहीं चली, प्रवेश ने जाकर देखा तो शुभम कुएं में पड़ा हुआ था। पिता ने शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे किसानों ने शुभम को बाहर निकाल कर बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।