नोएडा। 2024 का चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को मुकम्मल करना शुरु कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने भी उन सीटों पर विशेष फोकस करना शुरु कर दिया है, जहां 2019 के चुनाव में उसे हार का सामना करना पडा था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संबंध में बडी रणनीति बनाई है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पश्चिम उत्तर प्रदेश की हारी लोकसभा सीटों के लिए रणनीति तैयार करेंगे। इसके लिए अगले सप्ताह नोएडा में बैठक होने की संभावना है। हालांकि, क्षेत्रीय संगठन की ओर से बैठक के लिए नोएडा के अलावा गाजियाबाद और मेरठ का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैठक एक सप्ताह में प्रस्तावित है। यह संगठन की बैठक होगी, जो नोएडा, मेरठ या गाजियाबाद में आयोजित होगी।

माना जा रहा है कि इस बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश की हारी हुईं लोकसभा सीटों को जीतने के लिए योजना तैयार होगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री संगठन के पदाधिकारियों के साथ आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे और अहम दिशा-निर्देश देंगे।

संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक की तैयारी शुरू कर दी है। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश की 16 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

इसमें से सबसे अधिक सात सीटें पश्चिम उत्तर प्रदेश की थीं। इनमें सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, नगीना, संभल और रामपुर लोकसभा सीट शामिल थीं। हालांकि, वर्ष 2022 में रामपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल कर ली थी।

बता दें कि रालोद और सपा का गठबंधन और जाट मतदाताओं को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति ने सियासी दलों की बेचैनी को बढ़ा रखा है।

इसके अलावा वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भले ही गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन अन्य जिलों के नतीजों ने पार्टी की बेचैनी को बढ़ा दिया था।

सहारनपुर की पांच विधानसभा सीटों में से तीन पर भाजपा जीती थी, जबकि दो सीट पर सपा। मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद डॉ. संजीव बालियान केंद्रीय मंत्री हैं। यहां की पांच विधानसभा सीटों में सिर्फ मुजफ्फरनगर शहर पर ही भाजपा जीत सकी थी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की ओर से पश्चिम क्षेत्र में अनुसूचित जाति का भी एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके स्थान की शीघ्र घोषणा कर दी जाएगी। इसके साथ ही अनुसूचित वर्ग के साथ संपर्क और संवाद के कार्यक्रम भी पूरे माह चलेंगे।

भाजपा का प्रयास है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा इन सीटों पर हर हाल में जीत हासिल करे। इसके लिए पार्टी के अहम रणनीतिकारों में शामिल और प्रदेश के पूर्व संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी इन हारी हुई सीटों को जीताने की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा की महिला कार्यकर्ता एक-एक बूथ पर जाएंगी। हर बूथ स्तर पर महिला पदयात्रा का आयोजन होगा। हर विधानसभा क्षेत्र में एक महिला सम्मेलन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय महिला पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश और राष्ट्रस्तर के पदाधिकारी भी रहेंगे।

इसके माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए काम किया जाएगा। यह अभियान पांच अक्तूबर से शुरू होकर पूरे माह चलेगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।