शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मंडल के अपने कार्यक्रम के दौरान शामली जिले को तरजीह दी। मुजफ्फरनगर का कार्यक्रम निरस्त कर वह शामली पहुंचे। यहां पार्टी नेताओं से वार्ता के दौरान जिले की तीनों सीट हारने का कारण पूछा। साथ ही मिशन 2024 के लिए अभी से जुटने और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों से अवगत कराने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 नवंबर 2021 को कैराना की धरती से विधानसभा चुनावी शंखनाद कर दिया था। चुनाव के दौरान भी उन्होंने शामली और थानाभवन में जनसभा की थी। इसके बाद भी जिले की तीनों सीटें भाजपा हार गई। इस बात की कसक मुख्यमंत्री को भी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस हार का विश्लेषण करने के लिए कहा। साथ ही कहा कि पार्टी से लोगों को जोड़ों और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने में मदद करो।
शामली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा को तरजीह दी। कार्यक्रम के बाद वह सुरेश राणा को अपने साथ हेलिकॉप्टर में लखनऊ ले गए। पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जल्द ही शामली का दोबारा दौरा करने की बात कही है।
शामली। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हाईवे पर तिरंगे झंडे लगाए गए। मदरलैंड स्कूल में जब मुख्यमंत्री हेलिपेड पर उतरे तो स्कूल की छात्रा तनमिका, तनिष्का, वाणी और भार्गवी, चेयरपर्सन ऊषा मुंजाल और प्रबंधक चेतन मुंजाल ने फूल देकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को दुलारते हुए उनके नाम और कक्षा के बारे में पूछा। इसके बाद वह कार से बंतीखेड़ा के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर मदरलैंड स्कूल पहुंचने से पहले ही सहारनपुर तिराहे पर यातायात परिवर्तन कर दिया गया। जिससे वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बनत बाईपास से भी वाहनों को नहीं गुजरने दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद ही यातायात सुचारू हुआ।