मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एक होटल मालिक को गोली मार दी गई। घायल ने दो बाइकों पर सवार चार युवकों द्वारा घटना को अंजाम देना बताया है। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया हैं।

पचैंडा कला गांव के बाइपास के पास के रहने वाले सचिन का बागोवाली के निकट दिल्ली देहरादून हाईवे पर ओम शिवा होटल है। रविवार शाम वह होटल पर था। तभी दो बाइकों पर चार युवक आए और उन्होंने कहासुनी करते हुए सचिन पर गोली चला दी। गोली लगने से सचिन घायल हो गया। इसके बाद सभी हमलावर भाग गए।

सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। मामला लेनदेन से जुड़ा होना बताया जा रहा हैं। फिर भी कई बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। उधर, नई मंडी सीओ हिमांशु गौरव ने भी अस्पताल पहुंच कर घायल से जानकारी ली।