मेरठ। उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार सभी को चौंका दिया है। सपा-कांग्रेस गठबंधन ने पूरे उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया है। जहां सपा के खाते में 35 से ज्यादा सीटें आती दिख रही हैं तो वहीं कांग्रेस भी इस बार सात सीटों पर आगे चल रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा को पांच तो कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली थी।

कैराना लोकसभा सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी इसरा हसन ने भाजपा के प्रदीप चौधरी को बड़े अंतर से हरा दिया है। इकरा हसन को 520,755 वोट मिले हैं जबकि, प्रदीप चौधरी को 450909 मत मिले। इसरा हसन 69846 वोटों से जीत रही हैं।


इकरा की हर तबके में स्वीकार्यता जीत का मजबूत आधार बनी। सपा द्वारा बकाया गन्ना भुगतान, बेरोजगारी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। इकरा ने मुस्लिमों के साथ-साथ हर वर्ग के बीच जाकर जनसंपर्क किया, जिसके कारण हर वर्ग ने वोट दिया। इकरा दलितों के अलावा ठाकुर वोटों में भी सेंध लगाने में कामयाब रही। मुस्लिमों ने भी एकतरफा इकरा को मतदान किया। राममंदिर और मोदी की लहर दिखाई नहीं दी। भाजपा-रालोद में भीतरघात भी साफ नजर आया। कुछ रालोद कार्यकर्ता चौधरी जयंत सिंह के भाजपा के गठबंधन से खुश नहीं थे। गांवों में नहीं जाने के कारण भाजपा प्रत्याशी का भी विरोध कई गांव में देखने को मिला।

उत्तर प्रदेश की सहारनपुर में सबसे पहली सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल के सामने चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद ने बड़ी लीड से चुनाव जीता है। इमरान मसूद को 545363 वोट मिले हैं जबकि भाजपा के उम्मीदवार राघव लखनपाल को 479108 मत मिले हैं। इमरान मसूद ने 66255 वोटों से जीत दर्ज की है।

मुजफ्फरनगर में  भाजपा के दिग्गज नेता व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान चुनाव हार गए हैं। सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक ने भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान को 25989 वोटों के अंतर से हरा दिया। भाजपा के कोर वोट में बिखराव व राजपूत और त्यागी समाज की नाराजगी हार की प्रमुख वजह रही। मलिक को 469804 और बालियान को 443815 वोट मिले हैं।

बिजनौर जनपद में आसपा प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने नगीना लोकसभा सीट पर इतिहास रच दिया है। चंद्रशेखर ने करीब डेढ़ लाख वोटों से जीत हासिल की है। चंद्रशेखर को 512552 वोट मिले हैं जबकि, ओमकुमार को 361079 मत मिले हैं। चंद्रशेखर ने 151473 वोटों के अंतर से नगीना सीट जीती है। नगीना की जनता शुरू से ही कह रही थी कि चंद्रशेखर जीतेंगे। लेकिन अब जनता इस दावे पर मुहर लगा दी है।

बागपत लोकसभा सीट पर भी चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। इस सीट भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. राजकुमार सांगवान ने 156431 वोटों से जीत हासिल की है। रालोद प्रत्याशी सांगवान को 482397 वोट मिले हैं जबकि, अमरपाल शर्मा को 325966 मत मिले। बागपत लोकसभा सीट पर दो बार से सतपाल सिंह मलिक चुनाव जीतते आ रहे थे। इस बार भाजपा ने सतपाल को टिकट नहीं दिया था। क्योंकि इस बार भाजपा और रालोद के बीच गठबंधन होने की वजह से यह सीट रालोद के खाते में आई थी।

बिजनौर लोकसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी चंदन चौहान ने जीत दर्ज की है। चंदन चौहान ने सपा प्रत्याशी दीपक सैनी को लगभग 36378 वोटों से हरा दिया है। चंदन चौहान को 402604 वोट मिले हैं जबकि, दीपक सैनी को 366226 मत मिले। हालांकि, सुबह से ही दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला चला। कभी चंदन चौहान आगे हुए तो कभी दीपक सैनी ने चौहान को पीछे छोड़ा। लेकिन शाम होते-होते चंदन चौहान ने बाजी मार ली।

पूरे देश में हॉट सीट बनी मेरठ में सुबह से ही कांटे का मुकाबला रहा। सपा प्रत्याशी अधितर भाजपा के अरुण गोविल से आगे रहीं। लेकिन शाम को भाजपा के ‘राम’ अरुण गोविल ने बढ़त बना ली। अरुण गोविल ने करीब 10585 वोटों से जीत दर्ज की है।

भाजपा के अरुण गोविल को 546469 मत मिले तो वहीं सपा प्रत्याशी सुनीता वर्मा को 535884 वोट मिले हैं। इस सीट पर सुबह से ही पूरे देशवासियों की निगाहें टिकीं हुई थीं।