मुज़फ्फरनगर।   भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार शाम को उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा की सूची का सभी को बेसब्री से इंतजार था। वहीं, सभी पार्टियां एक-एक सीट को लेकर समीकरण बैठाने में लगे हुए हैं। पीएम मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने मुजफ्फरनगर सीट से डॉ. संजीव बालियान और कैराना से प्रदीप कुमार को टिकट किया गया है। वहीं, नगीना लोकसभा सीट से विधायक ओम कुमार को टिकट दिया गया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि 16 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों के उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं। बाकी सीटों पर मंथन चल रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान का मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना तय हो गया है। भाजपा ने उनके नाम का एलान कर दिया है।

साल 2012 से जिले की राजनीति में सक्रिय डॉ. संजीव बालियान को पहली बार भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में टिकट दिया था। बालियान ने एतिहासिक मतों से जीत दर्ज की। इसके बाद 2019 में उन्होंने तत्कालीन रालोद अध्यक्ष अजित सिंह को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। यही वजह है कि उन्हें केंद्र में दूसरी बार मंत्री बनाया गया। इस बार रालोद से गठबंधन होने के बाद मुजफ्फरनगर सीट को लेकर कयास भी शुरू हुए थे। लेकिन भाजपा ने शनिवार को घोषित प्रत्याशियों की सूची में बालियान को ही टिकट दिया है।