मुज़फ्फरनगर।    किसानों के विभिन्न मुद्दों पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ग्रामीण भारत बंद का मुजफ्फरनगर में असर दिखा। देहात क्षेत्र में किसान कम संख्या में खेतों पर गए। सुबह मंडी भी बंद रही। ट्रांसपोर्ट से गाड़ियों में माल नहीं लादा गया।भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भोपा क्षेत्र में नहर पुल पर सुबह ही कार्यकर्ता एकत्र होने शुरू हो गए थे। इसके अलावा खतौली, मंसूरपुर, जानसठ समेत अन्य क्षेत्र में बनाए गए प्वाइंट पर किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि ग्रामीण भारत बंद में किसानों का सहयोग मिल रहा है। किसान सरकार के विरोध में काम बंद कर घरों पर ही रहे। यहां धरना प्रदर्शन करेगी भाकियू
– ब्लॉक खतौली में नावला कोठी
– ब्लॉक जानसठ में खतौली तिराहा
– मोरना ब्लॉक में भोपा पुल
– चरथावल ब्लॉक में नहर पर
– पुरकाजी ब्लॉक में फलौदा कट
– शाहपुर में ब्लॉक मुख्यालय पर
– बुढ़ाना में बायवाला चौकी व फुगाना
– सदर ब्लॉक में बागोवाली चौराहा
– बघरा ब्लॉक में जागाहेड़ी टोल पर

बंद के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने, लखीमपुर खीरी के साजिशकर्ता को गिरफ्तार करने, 736 किसान परिवारों के लिए सिंधू बॉर्डर पर स्मारक बनाने, किसान परिवानों को मुआवजा व पुनर्वास की मांग रखी गई है। औद्योगिक क्षेत्रीय हड़ताल में संयुक्त किसान मोर्चा, केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र क्षेत्रीय महासंघ के अलावा किसान-मजदूरों से समर्थन मांगा गया है। दावा किया गया है हड़ताल में ट्रांसपोर्टर भी संयुक्त किसान मोर्चा के साथ रहेंगे।