बागपत।  बागपत के किरठल गांव में पुलिस की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस में तैनात सुखदर्शन ने अपने 80 वर्षीय पिता सीताराम की जान को खतरा बताते हुए शिकायत की थी। उन्होंने कुछ लोगों पर जमीन और मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया था।

सुखदर्शन ने बताया कि उनके पिता गांव में अकेले रहते हैं। कुछ लोग उनकी जमीन और मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में उन्होंने 11 दिसंबर 2023 को रमाला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस से कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने डीएम, एसपी और आईजीआरएस को भी शिकायत की।

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रमाला पुलिस ने जांच के दौरान जीवित सीताराम को मृतक दिखा दिया। सुखदर्शन का आरोप है कि पुलिस आरोपी पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।