
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात दस साल में सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ठंड बढ़ रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है। गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। 12 बजे के बाद हल्की धूप निकली परंतु बेअसर रही। बुधवार के मुकाबले दिन के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शीतलहर चलने से लोगों का बुरा हाल रहा। ठिठुरन बनी रही।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है। दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 100 व न्यूनतम 64 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा चार से छह किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि रात में पाला पड़ने से ठंड बरकरार रहेगी। एक्यूआई में गुरुवार को मामूली गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को एक्यूआई स्तर 309 दर्ज किया गया था। यह घटकर गुरुवार को 303 रह गया।
वर्ष तापमान
2012 – 5.8
2013 – 5.3
2014 – 4.8
2015 – 5.1
2016 – 3.2
2017 – 3.9
2018 – 4.2
2019 – 3.2
2020 – 3.6
2021 – 2.8
नोट- तापमान न्यूनतम में है
धमाकेदार ख़बरें
