सहारनपुर। में देहरादून हाईवे पर नोगजापीर के पास सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा मिला। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले। हालांकि अभी मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह मानसिक रूप से बीमार प्रतीत हो रही है। थाना जनकपुरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र में देहरादून हाईवे पर 37 वर्षीय महिला का शव पड़े होने की सूचना पर थाना जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के भी प्रयास किए, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला के बारे में इतनी ही जानकारी मिल पाई है कि वह आसपास क्षेत्र में घूमती रहती थी और उसने दो-दो जुराब और दो लोवर पहन रखे हैं। संभवतः उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहा होगा। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। माना जा रहा है कि रात में किसी समय अज्ञात वाहन से टकराकर वह सड़क किनारे जा गिरी और उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी शिनाख्त के भी प्रयास चल रहे हैं।