सहारनपुर : हरियाणा के युवक यमुना में नहाने आए थे। पहली बार युवक ने डूबने का नाटक किया तो दोस्त नदी में कूद पड़े। हंसते हुए बोला कि मजाक कर रहा था।
हथनीकुंड बैराज खारा परियोजना के पास यमुना नदी में दोस्तों संग नहा रहे युवक को मजाक करना भारी पड़ गया, उसकी जान चली गई।
घटना मंगलवार शाम पांच बजे की है। हरियाणा अंबाला के धनौरा निवासी मोहित (18) पुत्र चुन्नीलाल अपने कालेज के आठ अन्य दोस्तों नवदीप पुत्र भूपेंद्र, सूर्य पुत्र मुकेश, वासु पुत्र जसवीर, ऋषभ पुत्र जतिंदर निवासीगण मुलाना, रवि पुत्र करमचंद निवासी कुरुक्षेत्र, दिलबर पुत्र खुदाबख्श निवासी जगाधरी, केशव भारद्वाज पुत्र प्रमोद कुमार शाहा अंबाला, रहमान पुत्र खलील निवासी थाना छप्पर यमुनानगर के साथ खारा परियोजना से ऊपर स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में दर्शन करने आए थे।
दर्शन करने के बाद सभी दोस्त यमुना में नहाने के लिए उतर गए। छात्रों ने बताया कि सभी दोस्त नहा कर बाहर आ गए थे लेकिन मोहित नहा रहा था। अचानक उसने शोर मचाना शुरू किया कि वह डूब रहा है। सभी दोस्त उसको बचाने के लिए दौड़े और जब उसको पानी से बाहर लाए तो वह बोलने लगा कि वह तो मजाक कर रहा था।
इसके बाद मोहित फिर से यमुना में नहाने उतर गया। इस बार जब उसने शोर मचाया तो दोस्तों ने सोचा कि वह फिर से मजाक कर रहा है। कुछ ही देर में मोहित सच में डूब गया। दोस्तों ने उसे बहुत खोजा परंतु वह गहरे पानी में समा गया। देर शाम तक मोहित नहीं मिल सका था। पुलिस द्वारा उसके परिजनों को सूचना दे दी गई थी।