मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में गंगा स्नान करने आया परिवार तेज बहाव में बह गया। ग्रामीणों ने परिवार के छह सदस्यों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बच्चा गहरे पानी में समा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बच्चे की काफी देर तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी अन्नू देवी, राजकुमारी, प्रियंका, राहुल, बुलबुल, विक्की, रविन्द्र, कोमल, नेहा, रॉबिन, साक्षी, प्रिंस शनिवार को शुकतीर्थ में मंदिरों के दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद अन्नू देवी, विक्की, बुलबुल और राहुल घाट पर जाकर गंगा स्नान करने लगे। इसी दौरान दस वर्षीय प्रिंस भी अपने भाई रॉबिन और बहन साक्षी के साथ स्नान करने लगा।

पानी का बहाव तेज होने के कारण सभी डूबने लगे। गंगा घाट पर चौरावाला निवासी अरुण और मोहित की नजर डूबते हुए परिवार पर गई। उन्होंने गंगा में छलांग लगा दी और अन्नू, विक्की, बुलबुल, राहुल, रॉबिन और साक्षी को बाहर निकाल लिया।, लेकिन प्रिंस गहरे पानी में समा गया।
क्षेत्राधिकारी भोपा देव वृत वाजपेयी, थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने गोताखोरों की सहायता से घंटों प्रिंस को तलाशा, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सीओ का कहना है कि बच्चे की तलाश जारी है। उधर, गंगा घाट पर पहुंचे प्रिंस के पिता राजेन्द्र और मां संगीता का रो रोकर बुरा हाल था।